*चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थल पर सीढ़ी निर्माण की भी मांग, लगाए समाजवाद जिंदाबाद के नारे*
खगड़िया। देश बचाओ अभियान के बैनर तले रविवार को रेलवे जंक्शन चौक के समीप स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थल पर शहीदे आजम भगत सिंह की 119वीं जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में भगत सिंह के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
इस दौरान शहीद भगत सिंह अमर रहें, शहीदों के अरमानों को मंजिल तक पहुंचाने तथा समाजवाद जिंदाबाद के नारे लगाए गए।कार्यक्रम की अध्यक्षता देश बचाओ अभियान के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष किरण देव यादव ने की, जबकि मंच संचालन राष्ट्रीय सचिव धर्मेंद्र कुमार ने किया। राष्ट्रीय संयोजक मधुबाला, राष्ट्रीय संयुक्त सचिव सुनील कुमार, पत्रकार आर्यन कुमार, महिला नेत्री सीमा कुमारी और प्रवक्ता मुरली रविदास ने भगत सिंह के जीवन, व्यक्तित्व और विचारों पर चर्चा की।

वक्ताओं ने उनके विचारों से प्रेरणा लेने का संकल्प दोहराया।पंच-सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष किरण देव यादव ने जिलाधिकारी एवं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को मांग पत्र देकर भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की प्रतिमा स्थापित करने तथा शहीद पार्क का निर्माण कराने की मांग की। साथ ही चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थल पर सीढ़ी निर्माण कराने की मांग भी रखी।किरण देव यादव ने कहा कि देश बचाओ अभियान के प्रयासों के बाद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का जीर्णोद्धार कराया गया, लेकिन सीढ़ी का निर्माण नहीं होने से लोगों को माल्यार्पण और श्रद्धांजलि देने में परेशानी होती है।
उन्होंने प्रशासन से इस कार्य को पूरा कराने की मांग की। आरटीआई कार्यकर्ता धर्मेंद्र कुमार द्वारा लोक शिकायत और सूचना के अधिकार के माध्यम से भी इस मामले को उठाए जाने की बात कही गई।स्वतंत्र पत्रकार किरण देव यादव ने बताया कि भगत सिंह की प्रतिमा स्थापना और शहीद पार्क के लिए स्थल प्रस्तावित किया गया है। उन्होंने जिला प्रशासन और नगर परिषद से स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य को गति देने की मांग की।
