खगड़िया: मानसी प्रखंड के अमनी गांव स्थित जटाधर मिश्रा प्राथमिक विद्यालय की सीढ़ी गिरने से तीसरी कक्षा की छात्रा रीतिका कुमारी की मौत हो गई। घटना के बाद गुरुवार को विधायक बबलू कुमार मंडल अमनी गांव पहुंचे और मृत छात्रा के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
विधायक ने छात्रा के ननिहाल पहुंचकर उसके नाना हरेराम यादव और पिता मनोज यादव, जो सहरसा जिले के बनमा इटहरी प्रखंड के हथमंडल गांव के निवासी हैं, से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए घटना पर दुख व्यक्त किया।

विद्यालय भवन का लिया जायजापरिजनों से मुलाकात के बाद विधायक ने ग्रामीणों के साथ जटाधर मिश्रा प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय भवन की स्थिति तथा उस स्थान का जायजा लिया, जहां हादसा हुआ था।विधायक ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जर्जर भवन को हटाकर नया एवं सुरक्षित विद्यालय भवन बनाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।नया भवन बनने तक वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देशविधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जब तक नया विद्यालय भवन तैयार नहीं हो जाता, तब तक बच्चों की पढ़ाई के लिए किसी अन्य सुरक्षित भवन या विद्यालय में वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उनकी पढ़ाई भी प्रभावित न हो।मौके पर अमनी पंचायत के पूर्व मुखिया प्रमोद सिंह, जेडीयू प्रखंड अध्यक्ष राजनीति प्रसाद सिंह, ग्रामीण गणेश प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद थे। ग्रामीणों ने भी विधायक को विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति से अवगत कराया और बच्चों की सुरक्षा के लिए स्थायी व्यवस्था किए जाने की मांग रखी।

