राजमाता माधुरी देवी टीचर ट्रेनिंग कॉलेज में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान निबंध प्रतियोगिता के साथ वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

वाद-विवाद प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान और देश को आजादी दिलाने के लिए किए गए उनके प्रयासों पर विस्तार से अपने विचार रखे। छात्रों ने गांधीजी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरणा लेकर समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लिया। उन्होंने जाति, धर्म, बोली, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई।कॉलेज के प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा लेने की बात कही।

उन्होंने कहा कि युवाओं में राष्ट्रीय भावना, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है।इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक सहित कॉलेज के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा गया।

