एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुसैनगंज प्रखंड के विद्यालयों में हुआ वृक्षारोपण

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुसैनगंज प्रखंड के विद्यालयों में हुआ वृक्षारोपण‘मेरा पेड़, मेरी पहचान’ और ‘मेरा पौधा, मेरी जिम्मेदारी’ के संकल्प के साथ बच्चों ने लगाए पौधे

हुसैनगंज (सिवान)। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, सिवान के निर्देशानुसार हुसैनगंज प्रखंड के गया दास कबीर उच्च विद्यालय, हुसैनगंज सहित प्रखंड के सभी विद्यालयों में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

- Sponsored Ads-

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम की शुरुआत ‘आओ पेड़ लगाएं, हरा बिहार बनाएं’ गीत और आकर्षक रंगोली के माध्यम से की गई। इस अवसर पर विद्यालय में पहुंचे अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत पौधे भेंट कर किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा अपनी मां के नाम पर पौधारोपण करना रहा। प्रत्येक पौधे पर स्टीकर लगाया गया, जिस पर बच्चे के नाम के साथ उसकी मां का नाम भी अंकित किया गया। इसके माध्यम से बच्चों को मां के प्रति सम्मान के साथ प्रकृति की रक्षा और पौधों की देखभाल के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी राहुल कुमार द्वारा उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं पौधों की नियमित देखभाल की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने ‘मेरा पौधा, मेरी जिम्मेदारी’, ‘मेरा संकल्प, मेरा सिवान’ और ‘मेरा पेड़, मेरी पहचान’ जैसे नारों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।गया दास कबीर उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को आकर्षक और सांस्कृतिक रूप देकर सफल बनाया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा गया कि पेड़ केवल हरियाली का प्रतीक नहीं, बल्कि पृथ्वी पर जीवन का आधार हैं। एक पेड़ हजारों सांसों का सहारा है। इसलिए पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।संदेश: “पेड़ नहीं, पृथ्वी के वंशज हैं, फूल लिए, फल लिए, मानव के अग्रज हैं।”आइए, पेड़ लगाएं, सिवान को हरा-भरा बनाएं और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण तैयार करें।स्थान: हुसैनगंज प्रखंड, जिला सिवान (बिहार)

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment