एसएसपी की जनसुनवाई में पहुंचीं महिला, तीन कट्ठा जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत
सुभाष शर्मा, दरभंगा
दरभंगा में निजी जमीन पर कब्जा जमाने के लिए कथित तौर पर मंदिर बनाने और पूजा-पाठ करने का मामला सामने आया है। शाहगंज बेंता निवासी डॉ. श्रवण कुमार की पत्नी सुनीता प्रसाद ने भू-माफिया पर बहादुरपुर थाना क्षेत्र के रामनगर के पास स्थित उनकी तीन कट्ठा जमीन पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

सुनीता प्रसाद का आरोप है कि जमीन के वैध कागजात और लगान रसीद होने के बावजूद भू-माफिया जमीन पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए निजी जमीन पर मंदिर बनाने और पूजा-पाठ करने का प्रयास किया जा रहा है। विरोध करने पर गाली-गलौज भी की जाती है। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह के हथकंडे अपनाकर उन्हें अपनी ही जमीन से बेदखल करने की कोशिश की जा रही है।
एसएसपी ने शिकायत सुनने के बाद उन्हें जिलाधिकारी (डीएम) एवं भूमि सुधार उपसमाहर्ता (डीसीएलआर) के समक्ष आवेदन देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों के आदेश के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।

