(हरिप्रसाद शर्मा ) पुष्कर/ अजमेर / मेला मजिस्ट्रेट एवं उपखंड अधिकारी ने पुष्कर मेला-2026 में भाग लेने वाले अश्वपालकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए अश्ववंशीय पशुओं के पंजीकरण, भूखण्ड आवंटन एवं अश्व स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया को सरल, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित की गई हैं। अश्वपालकों के लिए भूखण्ड पंजीकरण हेतु ऑनलाइन पोर्टल प्रारंभ कर दिया गया है। इच्छुक अश्वपालक आधिकारिक वेबसाइट https://pushkarmela.rajasthan.gov.in पर जाकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। भूखण्ड चयन की तिथि एवं समय के संबंध में पृथक से सूचित किया जाएगा।
मेले में अश्वों की संख्या के अनुरूप सेक्टर एवं भूखण्ड चयन की व्यवस्था निर्धारित की गई है। जो निम्न प्रकार है-
सेक्टर D एवं J:- 9 से 10 अश्व रखने वाले अश्वपालक इन सेक्टरों का चयन कर सकेंगे। मौके पर हेल्प डेस्क समिति द्वारा अश्वों की संख्या का सत्यापन करने के पश्चात ही अतिरिक्त 50×50 वर्गफीट का भूखण्ड आवंटित किया जाएगा। 9 से कम अश्व रखने वाले अश्वपालकों को इन सेक्टरों में केवल 50×50 वर्गफीट का भूखण्ड आवंटित होगा तथा अतिरिक्त भूखण्ड उपलब्ध नहीं करवाया जाएगा।
सेक्टर A, E एवं F: 4 से 8 अश्व रखने वाले अश्वपालक इन सेक्टरों का चयन कर सकेंगे। इन सेक्टरों में 50×50 वर्गफीट के भूखण्ड उपलब्ध रहेंगे। 9 से 10 अश्व रखने वाले अश्वपालकों द्वारा इन सेक्टरों का चयन किए जाने पर अतिरिक्त 50×50 वर्गफीट का भूखण्ड आवंटित नहीं किया जाएगा।
सेक्टर K:- 11 से 15 अश्व रखने वाले अश्वपालक इस सेक्टर का चयन कर सकेंगे। यहां 100×50 वर्गफीट के भूखण्ड उपलब्ध रहेंगे।
अश्व स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र में पशु चिकित्सक का पूर्ण कार्यालय पता, RSVC पंजीकरण क्रमांक तथा निकटतम राजकीय पशु चिकित्सालय का सत्यापन क्रमांक अंकित होना आवश्यक है। भूखण्ड पंजीकरण के लिए जियोटैग फोटो की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। इसके स्थान पर अश्वपालकों को अपने घोड़ों के साथ खींची गई फोटो पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। अन्य राज्यों से आने वाले अश्वपालक संबंधित राज्य के पशुपालन विभाग द्वारा निर्धारित प्रारूप में स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे।
पुष्कर मेला-2026 के अंतर्गत एंड्योरेंस रेस के आयोजन का कोई कार्यक्रम निर्धारित नहीं है तथा इस प्रकार की कोई प्रतियोगिता आयोजित नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन, अजमेर द्वारा सभी पशुपालकों से अपील की जाती है कि वे समय पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाएं, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा पुष्कर मेला-2026 की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं सुचारू बनाने में सहयोग प्रदान करें।
