मृगांक शेखर सिंह/ जमुई
जमुई जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं अंतरराज्यीय तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा नशामुक्त बिहार अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला पदाधिकारी के स्पष्ट दिशानिर्देश एवं प्रभावी मार्गदर्शन में उत्पाद अधीक्षक जमुई के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोनो चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच के दौरान झारखंड से बिहार के रास्ते खगड़िया ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार करने के साथ तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन को भी जब्त किया गया है।उत्पाद विभाग की टीम ने सोनो थानान्तर्गत डुमरी चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच के दौरान झारखंड के गिरिडीह की ओर से जमुई होते हुए खगड़िया जा रही एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप (वाहन संख्या- JH-12P-0104) को रोककर उसकी गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन पर लदे प्लास्टिक के पानी टंकी में छुपाकर ले जाया जा रहा अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। जब्त शराब में ब्लैक टाइगर व्हिस्की एवं ओल्ड हैबिट व्हिस्की के 750 मिलीलीटर तथा 375 मिलीलीटर के विभिन्न ब्रांड शामिल हैं। कुल 65.5 पेटियों में रखी 996 बोतलों में शराब की कुल मात्रा 589.500 लीटर आंकी गई है।
इस कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन चालक रंजीव कुमार दास एवं विशेषेश्वर सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों अभियुक्त झारखंड के कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र अंतर्गत बच्छेडीह गांव के निवासी हैं। अवैध शराब की खेप के साथ तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।जिला प्रशासन जिले के सभी नागरिकों से यह पुरज़ोर अपील करता है कि यदि उनके आसपास कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, खरीद-बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई भी संदिग्ध गतिविधि संचालित हो रही हो, तो इसकी सूचना तुरंत उत्पाद विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी। जिला प्रशासन सभी नागरिकों से यह भी अपील करता है कि वे नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाएं, स्वयं भी नशा से दूर रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को इसके घातक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। आइए, हम सब मिलकर सामूहिक प्रयास करें और अपने जिले को पूर्ण रूप से नशा मुक्त जमुई बनाएं।
