आदित्य सिंह मैन ऑफ द मैच व मैन ऑफ द सीरीज, उत्कर्ष आनंद सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, हेमंत हिमांशु सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और राजा विशाल सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक बने
दीपक कुमार, खगड़िया।
खगड़िया जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित जिला क्रिकेट सुपर डिविजन लीग का फाइनल मुकाबला जेएनकेटी स्टेडियम में खेला गया। रोमांचक मुकाबले में जेएनकेटी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वाईसीसी को चार विकेट से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमा लिया। गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले जेएनकेटी के आदित्य सिंह को मैन ऑफ द मैच के साथ-साथ मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया।
फाइनल मुकाबले में जेएनकेटी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी वाईसीसी की टीम 27 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 148 रन ही बना सकी। वाईसीसी की ओर से राजा विशाल ने 63 गेंदों पर सर्वाधिक 64 रन बनाए। इसके अलावा राजा ने 18, वीपी गोपाला ने 14 तथा सोहैब ने 13 रनों का योगदान दिया। जेएनकेटी की ओर से आदित्य सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए। सौरभ ने दो तथा आशीष और प्रतीक वत्स ने एक-एक विकेट लिए।
149 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेएनकेटी की टीम ने 27.2 ओवर में छह विकेट खोकर 150 रन बना लिए और चार विकेट से मुकाबला जीत लिया। जेएनकेटी की ओर से आदित्य सिंह ने 53 गेंदों पर 46 रन, कुशल यादव ने 28 गेंदों पर 36 रन, रोशन कुमार ने 37 गेंदों पर 26 रन तथा प्रतीक वत्स ने 10 गेंदों पर 16 रन बनाए। वाईसीसी की ओर से अनिकेत झा, आयुष और राजा विशाल ने दो-दो विकेट हासिल किए।
प्रतियोगिता के समापन पर खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। लर्निंग क्रिकेट एकेडमी, खगड़िया के उत्कर्ष आनंद को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज तथा इसी एकेडमी के हेमंत हिमांशु को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया। वहीं वाईसीसी के राजा विशाल को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का पुरस्कार मिला। जेएनकेटी के आदित्य सिंह को मैन ऑफ द सीरीज घोषित किया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि गौरव कुमार एवं कुणाल सिंह ने विजेता टीम को पुरस्कार प्रदान किया। मैन ऑफ द मैच आदित्य सिंह को बीसीसीआई लेवल-ए कोच कर्मवीर कुमार ने सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि गौरव कुमार एवं कुणाल सिंह को खगड़िया जिला क्रिकेट संघ के पूर्व सचिव एवं जिला क्रिकेट लीग टूर्नामेंट कमिटी के चेयरमैन सदानंद प्रसाद तथा संघ के उपाध्यक्ष बिनोद कुमार ने अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इससे पूर्व दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से फाइनल मुकाबले का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर खगड़िया जिला क्रिकेट लीग टूर्नामेंट कमिटी के चेयरमैन सदानंद प्रसाद, जिला क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष बिनोद कुमार, सचिव देवराज कुमार, संयुक्त सचिव संतोष कुमार, कोषाध्यक्ष बिट्टू कुमार, विद्यानंद शर्मा, खिलाड़ी प्रतिनिधि रजनीश कुमार, रिपु कुमार, विक्की कुमार, सुमित सूरी, अजय कुमार, बीसीसीआई लेवल-ए कोच कर्मवीर कुमार तथा बिहार क्रिकेट संघ के अंपायर दीपक कुमार उपस्थित थे। वहीं प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक मनोहर कुमार, संदीप कुमार राज एवं बिनोद झा सहित अन्य खेलप्रेमी भी मौजूद रहे।
