पटना का किला फतह कर वतन लौटे डॉ. संजीव कुमार, हजारों वाहनों और घुड़सवारों के साथ हुआ भव्य स्वागत

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

परबत्ता पहुंचने पर समर्थकों ने निकाला विजय जुलूस, बोले डॉ. संजीव कुमार- ‘परबत्ता मेरी जान है, अंतिम दम तक रहेगा जुड़ाव’

दीपक कुमार, खगड़िया ब्यूरो चीफ।
पटना से जीत हासिल करने के बाद डॉ. संजीव कुमार अपने गृह क्षेत्र पहुंचे तो कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। उनके स्वागत में हजारों वाहन, सैकड़ों घुड़सवार और हजारों बाइक सवार शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। इस दौरान समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की और अपनी खुशी का इजहार किया। डॉ. संजीव कुमार ने इस जीत को जनता के प्यार और संगठन के कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया।

- Sponsored Ads-

‘बिहार की बात’ से बातचीत के दौरान डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि पटना जाने के बाद भी परबत्ता और खगड़िया से उनका जुड़ाव पहले जैसा ही रहेगा। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा, “परबत्ता मेरी जान है और अंतिम दम तक रहेगा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके लिए परबत्ता केवल एक क्षेत्र नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव का केंद्र है।

उन्होंने कहा कि अब उनका मुख्य फोकस संगठन को मजबूत करने पर रहेगा। उनका लक्ष्य खगड़िया जिले की चारों विधानसभा सीटों पर राष्ट्रीय जनता दल की जीत सुनिश्चित करना और लोकसभा में भी पार्टी को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं ने पूरी मजबूती से मेहनत की और तेजस्वी यादव का भी पूरा सहयोग मिला।

अपने क्षेत्र के प्रति लगाव को स्पष्ट करते हुए डॉ. संजीव कुमार ने भगवान श्रीकृष्ण का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह भगवान श्रीकृष्ण मथुरा से द्वारका चले गए, लेकिन मथुरा के प्रति उनका प्रेम कम नहीं हुआ, उसी तरह पटना जाने के बाद भी परबत्ता के प्रति उनका स्नेह और जुड़ाव कभी कम नहीं होगा।

बिहार के मौजूदा हालात पर उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि राज्य में बेरोजगारी चरम पर है। छठ और दीपावली जैसे त्योहारों के अवसर पर दूसरे राज्यों में काम करने वाले बिहार के लोग ट्रेनों में भारी भीड़ के बीच अपने घर लौटने को मजबूर होते हैं। यह स्थिति बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि बिहार की पहचान मजदूरों के राज्य के रूप में बन गई है, जिसे बदलने की जरूरत है।

डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि सरकार को केवल उम्मीदों के भरोसे लोगों को टालने के बजाय रोजगार, विकास और कानून-व्यवस्था जैसे बुनियादी मुद्दों पर ठोस काम करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जनता बदलाव चाहती है और आने वाले समय में बिहार सहित देश की राजनीति में बदलाव देखने को मिलेगा।

अंत में उन्होंने भव्य स्वागत और विजय जुलूस में शामिल सभी समाज के लोगों, राजद कार्यकर्ताओं तथा जिलाध्यक्ष मनोहर यादव सहित तमाम समर्थकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और जनता का यह प्यार उनके लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment