भभुआ। नेशनल जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं ANB News National के एग्जीक्यूटिव एडिटर अशोक कुमार सिंह की पूज्य माताजी का रविवार को 75 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, अशोक कुमार सिंह की माताजी पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनका लगातार इलाज कराया जा रहा था। बताया गया कि पिछले एक माह से उन्होंने भोजन-पानी भी पूरी तरह छोड़ दिया था। तमाम चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उनके स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ और रविवार सुबह करीब 11:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके निधन के बाद पार्थिव शरीर को भभुआ थाना क्षेत्र स्थित उनके पैतृक गांव कोहारी ले जाया गया, जहां पारिवारिक जमीन पर पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिजनों, ग्रामीणों, गणमान्य लोगों और शुभचिंतकों की उपस्थिति रही। उनके चाचा शिवपरसन सिंह ने मुखाग्नि दी। अंतिम विदाई के दौरान माहौल गमगीन हो गया और उपस्थित लोगों ने नम आंखों से दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
नेशनल जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ने व्यक्त की गहरी शोक संवेदना
अशोक कुमार सिंह की माताजी के निधन पर नेशनल जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता सहित राष्ट्रीय एवं विभिन्न प्रदेशों के पदाधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता ने अपने शोक संदेश में कहा, “राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक कुमार सिंह जी की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता। उनका निधन परिवार के लिए ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं है। इस दुःख की घड़ी में मैं व्यक्तिगत रूप से तथा नेशनल जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के समस्त सदस्यों की ओर से अशोक कुमार सिंह जी एवं उनके पूरे परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। एसोसिएशन का प्रत्येक सदस्य इस कठिन समय में उनके परिवार के साथ खड़ा है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में राष्ट्रीय महासचिव संजय कुमार सुमन, राष्ट्रीय सचिव नीरज कुमार सिंह, राष्ट्रीय संगठन सचिव अभिषेक श्रीवास्तव, कार्यकारी सदस्य दीनबंधु सिंह, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष विजय वर्मा, महासचिव संजय कुमार, पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष बिमल गुप्ता, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष हरिलाल शर्मा, महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष विजय मालखेड़े, छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष महेश प्रसाद, बिहार प्रदेश संरक्षक बालदेव प्रसाद सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अबोध ठाकुर, महिला विंग अध्यक्ष पूजा मिश्रा, वरीय उपाध्यक्ष चंदन कुमार झा, प्रदेश महासचिव नवीन झा, सचिव निरंजन कुमार, हरियाणा प्रभारी धर्मेंद्र मिश्रा तथा झारखंड एवं महाराष्ट्र प्रभारी विनीत सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।
सभी पदाधिकारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
ॐ शांति!
