हिमाचल प्रदेश, 17 नवंबर 2026। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन जय शाह को लगातार दूसरी बार निर्विरोध चुने जाने पर दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री कुलदीप चंद एवं जनरल सेक्रेटरी श्री गुरमीत सिंह ने कहा कि जय शाह के नेतृत्व में विश्व क्रिकेट का विस्तार हो रहा है। ऐसे में दिव्यांग क्रिकेट को भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।
दोनों पदाधिकारियों ने डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया (DCCI) के महासचिव रविकांत चौहान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांग क्रिकेट को संगठित करने, खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने DCCI के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राकेश कुमार गुप्ता के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि दिव्यांग क्रिकेट को व्यापक पहचान दिलाने के लिए संगठनात्मक मजबूती और बेहतर प्रचार-प्रसार आवश्यक है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि ICC, BCCI और DCCI के आपसी सहयोग से व्हीलचेयर क्रिकेट एवं फिजिकल डिसेबिलिटी (PD) क्रिकेट को नई ऊंचाइयां मिलेंगी तथा हिमाचल प्रदेश सहित देशभर के दिव्यांग खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर प्राप्त होंगे।अध्यक्ष कुलदीप चंद एवं महासचिव गुरमीत सिंह ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों को भी समान अवसर, सम्मान और मजबूत मंच मिलना चाहिए। यही समावेशी क्रिकेट की वास्तविक पहचान है।
