तालाब, जॉगिंग ट्रैक और नक्षत्र उद्यान सहित विकसित होगा परिसर, छात्रों को मिलेगा हरित एवं शैक्षणिक वातावरण
छपरा। सारण जिले के जयप्रकाश विश्वविद्यालय परिसर में एक भव्य नगर वाटिका के निर्माण की दिशा में पहल तेज हो गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी ने विश्वविद्यालय के कुलपति के साथ कैंपस का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विश्वविद्यालय परिसर में नगर वाटिका विकसित करने की संभावनाओं का जायजा लिया। इस परियोजना के तहत परिसर में तालाबों का जीर्णोद्धार, जॉगिंग ट्रैक का निर्माण, नक्षत्र उद्यान तथा जेपी स्मृति वाटिका जैसे आकर्षक स्थल विकसित किए जाएंगे। यह वाटिका न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगी, बल्कि छात्रों और स्थानीय लोगों के लिए एक बेहतर हरित वातावरण भी उपलब्ध कराएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि नगर वाटिका की परिकल्पना को जल्द ही मूर्त रूप दिया जाएगा। इसके लिए वन विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर विस्तृत योजना तैयार की जाएगी। प्रारंभिक सर्वेक्षण के बाद परियोजना का प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वन प्रमंडल पदाधिकारी ने बताया कि इस योजना से परिसर की सुंदरता में वृद्धि होगी और यह क्षेत्र शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ पर्यावरणीय जागरूकता का भी केंद्र बनेगा। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
