नगरा। नगरा प्रखंड मुख्यालय स्थित कृषि कार्यालय ट्राईसेन भवन में मंगलवार को कृषि विभाग बिहार सरकार द्वारा प्रायोजित छह दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। इस शिविर में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से लगभग तीन दर्जन से अधिक किसान भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। शिविर में किसानों को मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक विधि एवं आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि वे कम लागत में बेहतर आय अर्जित कर सकें।
प्रशिक्षण के दौरान मशरूम की खेती, रख-रखाव, बीज चयन, वातावरण प्रबंधन तथा विपणन के गुर सिखाए जा रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन मास्टर ट्रेनर सह प्रखंड तकनीकी प्रबंधक राहुल रंजन एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक मनोज कुमार मिश्रा के देखरेख में किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी रंजीत कुमार,आत्मा अध्यक्ष प्रमोद कुमार मांझी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं प्रशिक्षण में भाग लेने वाले किसानों में शिव प्रकाश, दिनेश कुमार, सोनू देवी, पूनम देवी, मनोरमा देवी, मुन्नी कुमार सहित अन्य किसान मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण से किसानों को आत्मनिर्भर बनने और आय के नए स्रोत विकसित करने में मदद मिलेगी।
