(हरिप्रसाद शर्मा) अजमेर/अवैध मत्स्याखेट की जानकारी होने पर विभाग द्वारा कार्यवाही की गई। सहायक निदेशक मत्स्य मदन सिंह ने बताया कि विभाग के निरीक्षण दल द्वारा नियमित निरीक्षण के दौरान आनासागर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आनासागर क्षेत्र में 77 रेस्टोरेन्ट के पीछे आनासागर के नाले के नीचे एक नाव व 2 चप्पू मय कड़े व 3 करंट फसला जाल सहित लावारिस अवस्था में छिपी हुई मिली।
इससे अवैध मत्स्याखेट गतिविधि होने का आभास हुआ। निरीक्षण दल द्वारा सम्पूर्ण चौपाटी का मौका निरीक्षण किया गया लेकिन मौके पर कोई व्यक्ति नहीं मिला। इस प्रकार मौके से लावारिस एक नाव एवं 2 चप्पू मय कड़े व 3 करंट फसला जाल सहित को नियमानुसार जप्त करते हुये मत्स्य कार्यालय अजमेर में पहुचाया गया।
मत्स्य विभाग द्वारा अवैध मत्स्याखेट में लिप्त नाव मालिक की पहचान हेतु तफतीश की जा रही है। पहचान की पुष्टि होने पर सम्बन्धित पुलिस थाने में नाव मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाकर मत्स्य नियमानुसार राजस्थान मत्स्य (संशोधन) विधेयक-2025 के तहत 50 हजार रुपये तक का जुर्माना और 6 महीने तक की जेल की कार्यवाही अमल में लायी जाएगी।
