अजमेर:कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा की विवादित टिप्पणी पर भड़की भाजपा, पुतला फूंककर किया विरोध

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

*(हरिप्रसाद शर्मा) अजमेर:राजस्थान विधानसभा में लगाए गए कैमरों को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की विवादित टिप्पणी पर भाजपा कार्यकर्ता भड़क उठे हैं। डोटासरा ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी पर आरोप लगाया था कि कैमरों के जरिए महिलाओं की जासूसी की जा रही है। इस बयान को लेकर रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने अजमेर के गांधी भवन चौराहे पर जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए डोटासरा का पुतला फूंका।विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उन्होंने पुतले को जूतों की माला पहनाई और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पुतले को चूड़ियां पहनाकर आग के हवाले कर दिया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि डोटासरा का यह बयान न केवल अमर्यादित है, बल्कि विधानसभा की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है।

- Sponsored Ads-

भाजपा नेताओं ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष पूरे सदन और जनता के प्रतिनिधि होते हैं। ऐसे में उनके खिलाफ अपमानजनक शब्द कहना लोकतांत्रिक परंपराओं पर सीधा हमला है। नेताओं ने साफ किया कि पार्टी इस तरह की भाषा और आचरण को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी।प्रदर्शनकारियों ने डोटासरा से तत्काल सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि डोटासरा ने माफी नहीं मांगी तो आने वाले दिनों में विरोध और तेज किया जाएगा। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिलाओं को लेकर इस तरह के असंवेदनशील और अशोभनीय बयान देने वाले नेता को अपने पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।

इस मौके पर राष्ट्रीय सह-प्रभारी सूफी संवाद महाअभियान सैयद अफसान चिश्ती, मंडल अध्यक्ष रचित कच्छावा, जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष भारती श्रीवास्तव सहित अनेक भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। विरोध प्रदर्शन के दौरान गांधी भवन चौराहे का माहौल भाजपा कार्यकर्ताओं के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment