(हरिप्रसाद शर्मा) अजमेर:राजस्थान में इस साल भरपूर बारिश के बावजूद कई जिलों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। अजमेर जिले के ब्यावर में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जलदाय विभाग के दफ्तर का घेराव करते हुए खाली मटकियां बजाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पर्याप्त वर्षा होने के बाद भी सरकार और विभाग शहरवासियों को नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं कर पा रहे हैं।
*दीपावली पर भी पानी नहीं, जनता परेशान
ब्यावर में कांग्रेस कार्यकर्ता बुधवार सुबह हाथों में खाली मटकियां और बैनर लेकर जलदाय विभाग पहुंचे। उन्होंने विभाग के एईएन सुरेंद्र तंवर और सुनील जीनगर का घेराव किया और पेयजल किल्लत पर नाराजगी जताई।
सेवादल जिलाध्यक्ष विक्रम सोनी ने कहा कि हिन्दुओं के सबसे बड़े त्योहार दीपावली पर भी जनता को पीने का पानी नसीब नहीं हो रहा है। उन्होंने बताया कि ब्यावर शहर को प्रतिदिन 31 एमएलडी पानी की आवश्यकता है, जबकि सरकार सिर्फ 24 एमएलडी पानी उपलब्ध करा रही है, जिससे कई इलाकों में जलापूर्ति बाधित है और लोगों को 72 घंटे या उससे अधिक इंतजार करना पड़ रहा है।
*तीन दिन में नहीं सुधरी व्यवस्था तो होगा आंदोलन’
प्रदेश कांग्रेस महासचिव सोहन मेवाड़ा ने आरोप लगाया कि विकास के बड़े दावे करने वाली सरकार मूलभूत सुविधा तक नहीं दे पा रही है। उन्होंने कहा कि त्योहार के समय जनता को राहत देने के बजाय सरकार की नाकामी से लोग पानी के लिए परेशान हैं। मेवाड़ा ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और सप्लाई का अंतराल 48 घंटे के भीतर नहीं किया गया, तो कांग्रेस जनता के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
*चीफ इंजीनियर जवाब नहीं दे सके
प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक माणक डाणी ने अजमेर के चीफ इंजीनियर रामचंद्र से मोबाइल पर बात कर ब्यावर को मिलने वाले पानी की आपूर्ति की जानकारी मांगी। उन्होंने पूछा कि शहर को कितने एमएलडी पानी मिल रहा है और कितने की सप्लाई हो रही है, लेकिन अधिकारी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश सचिव सुलक्षणा शर्मा, कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन लगभग दो घंटे तक चला और बाद में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए जलदाय विभाग परिसर से बाहर निकले।