अजमेर :ट्रक के व्हील कैप में छिपाकर हो रही थी अफीम तस्करी, 35 लाख के मादक पदार्थ के साथ दो गिरफ्तार

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

विशेष अभियान के तहत श्रीनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई

(हरिप्रसाद शर्मा) अजमेर :जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत श्रीनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 किलो 20 ग्राम अफीम बरामद की है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा एक आयशर ट्रक जब्त किया गया है। बरामद अफीम की अनुमानित बाजार कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।

- Sponsored Ads-

थानाधिकारी पारुल यादव ने बताया कि पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृत्ताधिकारी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। 8 फरवरी को पुलिस टीम नसीराबाद की ओर से आने वाले मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान आयशर ट्रक नंबर आरजे 13 जीबी 3264 को रोका गया।

वाहन की तलाशी लेने पर ट्रक के ढाले के नीचे दाहिनी ओर आगे वाले टायर के ऊपर बने व्हील कैप में प्लास्टिक बॉक्स छिपाकर रखे मिले। बॉक्स खोलने पर उनमें अफीम से भरे छह पैकेट बरामद हुए। आरोपियों के पास अफीम के परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलवंत सिंह और भूपिंदर सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के निवासी बताए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अवैध रूप से अफीम की खेप एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जा रहे थे। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि मादक पदार्थ की यह खेप कहां से लाई गई और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशा तस्करों में हड़कंप की स्थिति है।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment