अजमेर :एसआई भर्ती परीक्षा-2021 रद्द, अब दोबारा होगी परीक्षा,केवल पुराने अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

(हरिप्रसाद शर्मा) अजमेर :राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सरकार की अनुशंसा के बाद वर्ष 2021 में आयोजित उप निरीक्षक/ प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2021 को निरस्त कर दिया गया है। अब यह परीक्षा नए सिरे से आयोजित की जाएगी। इस संबंध में विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर जारी की जा रही है।

केवल पुराने अभ्यर्थी ही हो सकेंगे शामिल
आयोग अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू ने बताया कि पुनः परीक्षा में केवल वही 3,83,097 अभ्यर्थी बैठ सकेंगे, जो पूर्व में आयोजित लिखित परीक्षा के दोनों प्रश्न पत्रों में शामिल हुए थे। नए आवेदकों को इसमें अवसर नहीं दिया जाएगा। परीक्षा का आयोजन सितंबर 2026 में होना संभावित है।

- Sponsored Ads-

16 मई से शुरू होगी आवेदन संशोधन प्रक्रिया
अभ्यर्थियों को उनके पूर्व में भरे गए आवेदन पत्रों में आवश्यक सुधार और अपडेट करने का अवसर दिया जा रहा है। संशोधन की प्रक्रिया 16 से 30 मई 2026 तक चलेगी। इस दौरान अभ्यर्थी मोबाइल नंबर, ईमेल एड्रेस और पत्राचार का पता में बदलाव कर सकेंगे।

ओटीआर केवाइसी करना होगा अपडेट
आवेदन में किसी भी प्रकार का संशोधन करने से पहले अभ्यर्थी को अपने वन टाइम रजिस्ट्रेशन में केवाइसी प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। यदि अभ्यर्थी ने अपनी एसएसओ आईडी बदल ली है, तो वे फेच एप्लीकेशन फार्म विकल्प का उपयोग कर अपना पुराना डाटा नई प्रोफाइल में ट्रांसफर कर सकते हैं। ओटीआर में सेव लाइव फोटो, सिग्नेचर और अंगूठे का निशान स्वतः ही ओटीआर से फैच हो जाएंगे। यदि ओटीआर में पूर्व में केवाइसी पूर्ण नहीं है, तो इसे पूर्ण करना आवश्यक होगा।

स्वघोषणा एवं बायोमेट्रिक उपयोग की सहमति
यदि अभ्यर्थी द्वारा किसी प्रविष्टि में संशोधन नहीं किया जाना हो तो भी आवेदन-पत्र को एडिट मोड में खोलकर संशोधन की आवश्यकता न होने संबंधी घोषणा तथा ओटीआर में प्रयुक्त लाइव फोटो, सिग्नेचर और अंगूठा निशानी के प्रयोग हेतु सहमति अनिवार्य रूप से प्रदान करनी होगी। इसके उपरांत ही फाइनल सब्मिट बटन पर क्लिक के पश्चात रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी दर्ज कर आवेदन सब्मिट करना होगा। निर्धारित प्रक्रिया की पालना न करने पर आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

पात्रता की शर्तें यथावत
आयोग सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि अभ्यर्थियों की पात्रता (आयु, आरक्षण और शैक्षणिक योग्यता) का निर्धारण उनके 2021 के आवेदन के समय की स्थिति के आधार पर ही किया जाएगा। इसमें किसी भी प्रकार का परिवर्तन मान्य नहीं होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे विस्तृत जानकारी के लिए समय-समय पर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और रिक्रूटमेंट पोर्टल का अवलोकन करते रहें

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment