अंकित सिंह/अररिया। मेन्स हॉकी हीरो एशिया कप-2025 की ट्रॉफी गौरव यात्रा रविवार को अररिया पहुंचने पर जिला प्रशासन द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान खेल भवन सह व्यायामशाला अररिया में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनिल कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार द्वारा इस ऐतिहासिक पल का स्वागत किया गया। खेल प्रेमियों,खिलाड़ियों और आम नागरिकों ने कार्यक्रम को खेलोत्सव का रूप दे दिया।
सभी ने इस बात पर गर्व किया कि बिहार पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय मेन्स हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी करने जा रहा है। ट्रॉफी गौरव यात्रा,खेल विभाग एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की संयुक्त देखरेख में आयोजित की जा रही है। इस यात्रा के तहत राज्य के सभी 38 जिलों में ट्रॉफी का प्रदर्शन निर्धारित है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि हॉकी एशिया कप के ट्रॉफी का प्रदर्शन पूरे बिहार राज्य में किया जा रहा है। इससे यहां के युवाओं में एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा। उम्मीद है कि इससे प्रेरणा लेकर यहां के युवा भी हॉकी के खेल में आगे बढ़ेंगे और अपने जिला,राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार ‘खेलों के नये युग की ओर बढ़ रख रहा है’ इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में खेलों का महत्व को बताने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट को लेकर जन-जागरूकता भी बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन,टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। जिलाधिकारी ने कहा कि यह आयोजन बिहार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। विदित हो कि प्रतिष्ठित मेन्स हॉकी हीरो एशिया कप-2025 का आयोजन 29 अगस्त 2025 से 7 सितंबर 2025 तक राजगीर (नालंदा) स्थित राज्य खेल अकादमी में होगा। इसमें 08 देशों क्रमशः भारत,चीन,चीनी ताइपे,जापान,कोरिया,मलेशिया,कज़ाख़िस्तान एवं बांग्लादेश के हॉकी टीमों का महामुकाबला होगा। इस मौके पर वरीय उप समाहर्ता सह जिला खेल पदाधिकारी अरविन्द कुमार,सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग दिलीप कुमार के साथ अन्य पदाधिकारी एवं गौरव यात्रा के साथ आए हुए दल सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी व खिलाड़ी उपस्थित थे।