(हरिप्रसाद शर्मा) पुष्कर/ अजमेर:पुष्कर घाटी में मीठा खिलाने से बीमारी बढ़ने की आशंका, प्राकृतिक आहार देने की सलाह मांगलियावास, (निसं. सरेराह)। पुष्कर घाटी सहित आसपास के
क्षेत्रों में इन दिनों वानरों में हाथ-पैरों पर खुजली जैसी त्वचा संबंधी बीमारी फैलने की सूचना सामने आ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई वानर गंभीर परेशानी से जूझते दिखाई दे रहे हैं, जिससे चिंता बढ़ी है। जानकारी के मुताबिक विशेषज्ञों व पशुप्रेमियों का मानना है कि वानरों को अत्यधिक मीठे खाद्य पदार्थ जैसे शक्कर से बने पकवान खिलाने से त्वचा रोग और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ सकती हैं।
ऐसे में नागरिकों से अपील की जा रही है कि धार्मिक भावनाओं के तहत मीठा खिलाने की बजाय कंद-मूल, फल और अन्य प्राकृतिक आहार उपलब्ध कराएं, जिससे वानरों का स्वास्थ्य बेहतर रह सके ।
पशुसेवकों ने बताया कि बीमार वानरों को राहत देने के लिए स्थानीय स्तर पर जागरूकता और उपचार की आवश्यकता है। जीव सेवा से जुड़े लोगों से भी आग्रह किया गया है कि प्रभावित वानरों की देखभाल और चिकित्सा सहायता के प्रयासों में सहयोग करें, ताकि इन बेजुबान जीवों को असहनीय पीड़ा से बचाया जा सके।
