डॉ०संजय (हाजीपुर)-
मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना ‘संबल’ के अंतर्गत महनार अनुमंडल क्षेत्र के 40 दिव्यांगजनों के बीच बैट्री चालित ट्राइसाइकिल का वितरण किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी, वैशाली, वर्षा सिंह ने स्वयं लाभार्थियों को ट्राइसाइकिल प्रदान की तथा हरी झंडी दिखाकर उन्हें बुनियाद केंद्र, महनार से रवाना किया।
इस मौके पर जिलाधिकारी, वर्षा सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की यह योजना 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता एवं वार्षिक आय दो लाख रुपये से कम रखने वाले चलंत दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए ताकि वे सम्मानजनक और स्वतंत्र जीवन जी सकें।
मालूम हो कि कार्यक्रम के अंतर्गत महनार प्रखंड के 18, सहदेई बुजुर्ग प्रखंड के 19 तथा देसरी प्रखंड के 03 दिव्यांगजनों को बैट्री चालित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि भविष्य में भी पात्र लाभार्थियों की पहचान कर शीघ्र प्रस्ताव भेजें जिससे अधिक- से -अधिक दिव्यांगजन इस योजना से लाभान्वित हो सकें।
अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण को जिला प्रशासन सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी निगरानी में सभी कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि वैशाली जिले का कोई भी पात्र दिव्यांगजन सरकारी सहायता से वंचित न रहे।
