बिहार न्यूज़ लाइव अररिया डेस्क: फारबिसगंज थाना क्षेत्र के सैफगंज वार्ड संख्या दस में अशोक चौपाल को अज्ञात बदमाशों के द्वारा गोली मारकर घायल कर दिया। इस मामले को लेकर थाना में प्राथमिकी दर्ज करते हुए केश के अनुसंधानकर्ता एसआई अमर कुमार मामले की तफ्तीश में जुट गए हैं।
घटना को लेकर पीड़ित अशोक चौपाल के उन्नीस वर्षीय पुत्र मनोज चौपाल ने बताया कि बीते पच्चीस जून की रात्रि वह और उनके पिताजी आवासीय परिसर में अलग अलग सोए हुए थे।अचानक गोली चलने की आवाज के बाद जब देखने गए तो पाया कि उसके पिताजी के छाती के दाएं साइड से खून का रिसाव हो रहा है। अज्ञात लोगों के द्वारा गोली चलाए जाने की बात कही गई। खून का रिसाव के बाद पिताजी को लेकर फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया।जहां प्राथमिक इलाज के बाद अररिया,पूर्णिया के बाद भागलपुर में इलाज कराया गया।
रेफर के बाद पुनः फारबिसगंज के कॉलेज चौक स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज किया जा रहा है।उन्होंने अज्ञात बदमाशों के द्वारा गोली चलाने की बात कही। जबकि पुलिस मामले में आपसी विवाद के साथ साथ जमीनी विवाद को कारण मान रही है। बहरहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है। पीड़ित पक्ष के अनुसार जानकीनगर में उनकी जमीन होने की बात कही गई है।
साथ ही विगत तीन साल से सहरसा के एक व्यक्ति के साथ उनका विवाद चलने की जानकारी प्राप्त हुई है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि पहले वह जानकीनगर में रहते थे । जिसके बाद सैफगंज में 1992 से रहते आ रहे हैं। पीड़ित को चार पुत्री एवं चार पुत्रों में एक बेटा दिव्यांग है। मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष आफताब अहमद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू किए जाने की बात कही। उन्होंने मामले में प्राथमिकी दर्ज किए जाने की जानकारी दी।