तीन राज्यों में जीत का जश्न, अजमेर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी के साथ झालमुड़ी खिलाकर मनाई खुशी

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-


(हरिप्रसाद शर्मा) अजमेर/ पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी (पांडिचेरी) सहित कई राज्यों के चुनाव परिणामों के बाद देशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में अजमेर शहर भी जश्न के रंग में सराबोर नजर आया, जहां कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर जीत की खुशी पूरे जोश और उमंग के साथ मनाई।

अजमेर के गांधी भवन चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और जमकर आतिशबाजी की। जैसे ही जीत की खबरें सामने आईं, पूरे क्षेत्र में पटाखों की गूंज सुनाई देने लगी। ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ता झूम उठे और देशभक्ति गीतों पर जमकर नृत्य किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाइयां दीं और खुशी का इजहार किया। इस जश्न की खास बात यह रही कि कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल की प्रसिद्ध स्नैक ‘झालमुड़ी’ खिलाकर भी जीत की खुशी साझा की। इससे जश्न में एक सांस्कृतिक रंग देखने को मिला और उपस्थित लोगों में खासा उत्साह नजर आया।

- Sponsored Ads-

कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में पार्टी के बेहतर प्रदर्शन और सरकार बनने पर खुशी जताई। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की मजबूत नीतियों पर जनता के भरोसे की जीत बताया। इस दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “मोदी है तो मुमकिन है” जैसे नारों से गांधी भवन चौराहा गूंज उठा। भाजपा नेताओं ने कहा कि यह जीत केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि देश के विकास, सुशासन, पारदर्शिता और राष्ट्रहित की नीतियों की जीत है। उन्होंने कहा कि पार्टी आगे भी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी और देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

जश्न के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के सदस्य मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, जोश और एकजुटता स्पष्ट रूप से देखने को मिली। भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने कहा, “तीन राज्यों में मिली यह जीत पार्टी की विचारधारा, कार्यकर्ताओं की मेहनत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता के विश्वास का परिणाम है। अजमेर में कार्यकर्ताओं का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि जनता विकास और सुशासन की राजनीति को स्वीकार कर रही है।”

मंडल अध्यक्ष रचित कच्छावा ने कहा कि यह दिन हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए गर्व और खुशी का दिन है। यह जीत युवाओं के विश्वास की भी जीत है, जो प्रधानमंत्री के विजन के साथ खड़े हैं। हम पार्टी को और मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। महिला कार्यकर्ता भाविका गंगवानी ने कहा, “यह जीत महिलाओं, युवाओं और हर वर्ग के सशक्तिकरण की जीत है। सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचा है, जिसका परिणाम आज चुनावी जीत के रूप में सामने आया है। हमें गर्व है कि हम ऐसे संगठन का हिस्सा हैं, जो समाज के हर वर्ग के विकास के लिए समर्पित है।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment