छपरा:बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान छपरा विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की विधायक श्रीमती छोटी कुमारी ने अपने क्षेत्र में व्याप्त गंभीर जलजमाव की समस्या को प्रमुखता से उठाया। सदन के माध्यम से उन्होंने सरकार से मांग की है कि आगामी मानसून से पहले इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।
विधायक ने छपरा के संपन्न और प्रमुख इलाकों जैसे प्रभुनाथ नगर, उमा नगर, शक्ति नगर, दहियावां टोला और टाड़ी में अत्यधिक वर्षा के कारण होने वाले भीषण जलजमाव का मुद्दा उठाया।
उन्होंने बताया कि जलजमाव के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को घरों में कैद रहना पड़ता है। दैनिक जीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो जाता है और स्थिति इतनी विकट हो जाती है कि लोगों को घरों से बाहर निकलने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता है।
श्रीमती छोटी कुमारी ने सरकार और संबंधित विभाग से पुरजोर मांग की है कि बरसात शुरू होने से पहले प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था की जाए।
विधायक ने सदन को अवगत कराया कि आवागमन बाधित होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था और जनजीवन पर बुरा प्रभाव पड़ता है, जिसके लिए समय रहते कदम उठाना अनिवार्य है।
