बरसात से पहले एक्शन मोड में प्रशासन, नाला उड़ाही, स्लूइस गेट मरम्मत और अतिक्रमण हटाने पर जोर
छपरा। जिलाधिकारी ने आज विभागीय अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेवड़ा नाला, स्लूइस गेट एवं अन्य जल निकासी स्थलों का जायजा लिया और कार्यों में तेजी लाने को कहा।
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने स्लूइस गेट के संचालन में आ रही समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का निर्देश दिया। साथ ही नालों की सफाई, गहरी उड़ाही और जल प्रवाह को बाधित करने वाले अवरोधों को हटाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि बरसात से पहले सभी कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि जलजमाव की समस्या से आमजन को राहत मिल सके।
डीएम ने कई स्थानों पर नालों के ऊपर बने अवैध अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए उसे हटाने की कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया। साथ ही जहां-जहां जल निकासी बाधित हो रही है, वहां त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि रेलवे लाइन के पास नालों की सफाई एवं संरचना सुधार कार्य समन्वय के साथ कराया जाए, ताकि पानी का सुचारू प्रवाह बना रहे। संबंधित विभागों के अभियंताओं को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर को जलजमाव मुक्त बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
