छपरा :सारण प्रमण्डल को शुक्रवार को नया नेतृत्व प्राप्त हुआ। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) 2005 बैच के अधिकारी मनीष कुमार ने आज सारण प्रमंडल के 49वें प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया।
पदभार ग्रहण के अवसर पर सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, सिवान के जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय तथा वरीय पुलिस अधीक्षक सारण डॉ. कुमार आशीष ने प्रमंडलीय आयुक्त से शिष्टाचार मुलाकात की।
इस दौरान आयुक्त श्री कुमार ने सारण एवं सिवान जिलों की प्रशासनिक, विकासात्मक एवं विधि-व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।पदभार ग्रहण करने के उपरांत मनीष कुमार ने प्रमण्डलीय आयुक्त कार्यालय में पदस्थापित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यालयीन कार्यपद्धति, अनुशासन, पारदर्शिता एवं समयबद्ध निष्पादन को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
मौके पर आयुक्त के सचिव सह उपमुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, उप जनसंपर्क निदेशक, उपनिदेशक कल्याण, उपनिदेशक पंचायत, संयुक्त निबंधक सहकारिता सहित अन्य वरीय पदाधिकारी, प्रशाखा पदाधिकारी, सहायक प्रशाखा पदाधिकारी एवं कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित थे।
