जेपी विश्वविद्यालय में छात्रों के समग्र विकास को लेकर अभिभावकों संग संवाद
छपरा। जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के स्नातकोत्तर गृह विज्ञान विभाग में सत्र 2024-26 के विद्यार्थियों के अभिभावकों एवं शिक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। नवस्थापित इस विभाग में शनिवार को आयोजित बैठक को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।
बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, उपस्थिति एवं समग्र विकास को लेकर अभिभावकों के साथ सार्थक संवाद स्थापित करना रहा। इस दौरान कुलपति का संदेश साझा करते हुए विद्यार्थियों की न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण निर्माण पर विशेष बल दिया गया।
शिक्षकों ने स्पष्ट रूप से कहा कि नियमित उपस्थिति ही विद्यार्थियों की सफलता की कुंजी है। अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई के प्रति गंभीरता, अनुशासन एवं नियमित कक्षा में भागीदारी सुनिश्चित कराने का आग्रह किया गया। साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए घर और संस्थान के बीच बेहतर समन्वय को आवश्यक बताया गया।
बैठक की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. आंचल सिंह ने की, जबकि डॉ. स्नेहलता सिंह के निर्देशन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर डॉ. सुप्रिया एवं डॉ. सुजाता ने भी सक्रिय भूमिका निभाते हुए अभिभावकों को विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन एवं व्यवहार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
अभिभावकों ने भी अपने सुझाव साझा किए, जिनका विभाग द्वारा स्वागत किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
इस प्रकार की बैठकों के माध्यम से अभिभावकों एवं शिक्षकों के बीच संवाद को और सशक्त बनाया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
