दिघवारा।प्रखंड के मां अंबिका भवानी मंदिर आमी में बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने अपनी हाजिरी लगाई और मां के दरबार में माथा टेकते हुए विधिवत रूप से पूजा अर्चना किया।इस दौरान मंदिर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम दिखे।शाम के लगभग साढ़े तीन बजे निशांत कुमार आमी मंदिर पहुंचे जहां उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में पहुंचकर विधिवत रूप से पूजा अर्चना करते हुए प्रसाद और चुनरी चढ़ाया और प्रदेश में अमन चैन व तरक्की की कामना की।फिर वे मंदिर के परिसर में स्थित भगवान भोलेनाथ की विशालकाय मूर्ति के सामने पहुंचकर माथा टेका।
पहली बार मां अंबिका के दरबार में पहुंचकर निशांत कुमार ने प्रसन्नता जाहिर की।पूजा अर्चना करने के बाद उन्होंने पूरे मंदिर परिसर का भ्रमण किया जहां पुजारी व स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें मंदिर के धार्मिक व पौराणिक इतिहास से रूबरू कराया गया।बाद में उन्होंने मंदिर परिसर के रेस्टहाउस का भी जायजा लिया।
स्थानीय लोगों ने मंदिर के विकास से जुड़ी अपनी कई मांगों से निशांत कुमार को अवगत कराया।इस दौरान निशांत कुमार का मंदिर न्यास समिति के सचिव प्रतिनिधि रितेश तिवारी, पूर्व प्रखंड प्रमुख जनार्दन सिंह चौहान, राकेश सिंह उर्फ बबलू सिंह, चंदन सिंह,राजकुमार तिवारी,मनन तिवारी,रंजीत तिवारी,मुनमुन तिवारी, जीपू तिवारी, कल्याण तिवारी व मनोज तिवारी सरीखे कई पुजारियों ने मां अंबिका की मूर्ति व पिंड पर अर्पित चुनरी भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद श्री कुमार वापस पटना लौट गए।
