*राजस्थान में जल क्रांति लाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
बिहार न्यूज़ लाईव अजमेर डेस्क: अजमेर/(हरिप्रसाद शर्मा) अजमेर में जल संसाधन कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। गोविंद सिंह डोटासरा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि डोटासरा अपने नेताओं को खुश करने के लिए किसानों का मज़ाक उड़ा रहे हैं।
जल संसाधन कैबिनेट मंत्री रावत शुक्रवार को अजमेर पहुंचे। यहां कुछ देर के लिए अजमेर के सर्किट हाउस में रुककर मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए पूर्व कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार की जननी थी, जिसे जनता ने उखाड़ फेंका।
रावत ने कहा कि राजस्थान के तमाम अधिकारियों की काम में कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राजस्थान में जल क्रांति लाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दिन में 18 घंटे आम जनता की मदद करने वाले नेता हैं। कांग्रेस के नेताओं ने जब उनकी सरकार थी, उस वक्त राज का आनंद लिया और सत्ता का सुख प्राप्त किया। लोग कहते हैं कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने घरवालों के भी मजे करा दिए। कांग्रेस भ्रष्टाचार फैलाने वाली पार्टी है। हम भ्रष्टाचार रोकने वाली पार्टी के कार्यकर्ता हैं।
*किसानों का भी मज़ाक उड़ा रहे डोटासरा
रावत ने गोविंद सिंह डोटासरा निशाना साधते हुए कहा कि डोटासरा लगातार गलत बयानबाजी करते हुए अपने नेताओं को खुश करने का काम कर रहे हैं। डोटासरा केवल आलाकमान को खुश करने के लिए जुबान खोलते हैं। रावत ने कहा कि डोटासरा ने तो एक बार अपने घर पर मिलने आए लोगों तक का अपमान कर दिया था। डोटासरा राहुल गांधी सोनिया गांधी के कहने पर बयान जारी करते हैं। किसान मुख्यमंत्री का विरोध और मज़ाक उड़ाने वाले डोटासरा राजस्थान के किसानों का भी मज़ाक उड़ा रहे हैं।