पिकअप चालक को अपराधियों ने मारी गोली।

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

गौरव कुमार झा समस्तीपुर विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंघियाघाट-सलखन्नी पुल चौक के निकट शुक्रवार की अहले सुबह एक बड़ी आपराधिक वारदात सामने आई है.

अज्ञात अपराधियों ने हरी मिर्च लदे पिकअप वाहन के चालक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी. इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के रहने वाले 25-26 वर्षीय अवनीश के रूप में की गई है. पिकअप के अंदर मारी गई गोली, चाबी मिली गायब पुलिस और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अवनीश खुद वाहन का मालिक था और उत्तर प्रदेश के सोनभद्र से पिकअप पर हरी मिर्च लादकर अकेले सहरसा जा रहा था. गाड़ी में कोई दूसरा खलासी या चालक मौजूद नहीं था. शुक्रवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे पिकअप खड़ी देखी और पास जाकर जांच की, तो चालक का शव खून से लथपथ मिला. रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि मृतक को कमर के ऊपर एक गोली मारी गई है.

- Sponsored Ads-

वाहन के बाहर खून के कोई निशान नहीं मिले हैं और गाड़ी की चाबी भी निकाली हुई थी, जिससे प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि उसे गाड़ी के अंदर ही गोली मारी गई है.

एसपी और डीएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण


घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन के शीर्ष अधिकारी तुरंत हरकत में आ गए. रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा और एसपी अरविंद प्रताप सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस अधिकारियों ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें केवल हरी मिर्च लदी हुई पाई गई. डीएसपी ने उन चर्चाओं का पूरी तरह से खंडन किया जिसमें गाड़ी में शराब होने की बात कही जा रही थी. पुलिस ने स्पष्ट किया कि वाहन में शराब या कोई अन्य आपत्तिजनक सामान नहीं मिला है.आपसी विवाद या लेन-देन की आशंका, पुलिस जांच में जुटी


पुलिस शुरुआती जांच में इसे आपसी लेन-देन या किसी पुराने विवाद से जुड़ा मामला मानकर चल रही है. मृतक पिछले आठ-नौ महीनों से लगातार हरी सब्जी लाने का व्यवसाय कर रहा था. एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों को मामले के खुलासे के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं और जल्द ही अपराधियों को दबोचने का भरोसा दिलाया है.परिजनों को दी गई सूचना, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव


स्थानीय विभूतिपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. साथ ही, उत्तर प्रदेश में रह रहे मृतक के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है. पुलिस अब परिजनों के आने का इंतजार कर रही है, ताकि उनके लिखित बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जा सके.

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment