ऐतिहासिक गांधी मैदान में देशरत्न को नमन के साथ धूमधाम से मना जिला स्थापना दिवस

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-


सिवान : 3 दिसंबर2025 बुधवार को देश के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद की जयंती और जिला स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया।मुख्य कार्यक्रम नगर की हृदयस्थली गांधी मैदान में हुआ। जिसके मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी डॉक्टर आदित्य प्रकाश रहे। गांधी मैदान में मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत जिला पदाधिकारी और अन्य वरीय पदाधिकारीगण के द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। केक कटिंग कर अवसर के उल्लास को अभिव्यक्त किया गया।

आगत अतिथियों का स्वागत एडीएम प्रमोद कुमार, जिला भू अर्जन पदाधिकारी, जिला कला और संस्कृति पदाधिकारी डॉक्टर ऋचा वर्मा ने किया।

- Sponsored Ads-

इस अवसर पर अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिहाग ने कहा कि देशरत्न का जीवन आदर्श हमें बड़ा मार्गदर्शन प्रदान कर रहा है। उसे समझे जाने की आवश्यकता है। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद का आदर्श सादा जीवन उच्च विचार को अपनाने की आवश्यकता है। परिश्रम के साथ हम सभी को सिवान के विकास में योगदान देना है। सिवान मेधा की धरती रही है। यहां की प्रतिभाओं को हरसंभव सहायता जिला प्रशासन देगा। सिवान को विकास के उच्चतम शिखर पर ले जाना है। इस संदर्भ में सभी का सहयोग अपेक्षित है।

मुख्य कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और चेक सौंपे । जिलाधिकारी ने बेहद संवेदनशील तेवर का परिचय देते हुए दिव्यांग लाभार्थियों को मंच से उतर कर उनके पास जाकर उन्हें चेक सौंपा। इसके बाद गांधी मैदान में लगे विविध स्टालों का निरीक्षण भी जिला पदाधिकारी ने किया। हर स्टॉल का बारीकी से निरीक्षण किया और आम जनता से अपील भी किया कि लोग सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक हों और उन योजनाओं का लाभ उठाए।

स्वागत भाषण लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी इस्तियाक खान और धन्यवाद ज्ञापन एडीएम प्रमोद कुमार ने किया।मंच संचालन उदय नारायण सिंह” सम्यक” और वीनस दीक्षित ने किया।कार्यक्रम के प्रारंभ में शिक्षाविद् डॉक्टर गणेश दत्त पाठक ने सिवान के इतिहास पर अपना संबोधन दिया। इस अवसर पर जिला के वरीय पदाधिकारी गण निर्वाचन पदाधिकारी सहित नगर के अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment