दीपक कुमार , खगड़िया
खगड़िया। जिलाधिकारी श्री विक्रम विरकर के निर्देश पर जिले के सभी सात प्रखंडों में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

खगड़िया, गोगरी, बेलदौर, अलौली, चौथम, मानसी और परबत्ता प्रखंड में आयोजित प्रतियोगिताओं में फुटबॉल एवं खो-खो के बालक और बालिका वर्ग के विद्यार्थियों ने भाग लिया।प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने खेल प्रतिभा और टीम भावना का प्रदर्शन किया।

आयोजन का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान करना, विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धा के लिए मंच उपलब्ध कराना तथा बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का आगामी स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयन करना है।प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर शिक्षा विभाग, संबंधित विद्यालयों और खेल से जुड़े पदाधिकारियों को आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय स्तर पर खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रखंड स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

