—डॉ०संजय (हाजीपुर)-महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बाबा बटेश्वर नाथ धाम, ग्राम पंचायत बसंतपुर, प्रखंड–जन्दाहा (वैशाली) में 15 एवं 16 फरवरी 2026 को दो दिवसीय भव्य मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जिला पदाधिकारी, वैशाली, वर्षा सिंह के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार संपन्न होगा।
यह भव्य आयोजन राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार पर्यटन तथा जिला प्रशासन, वैशाली के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। मेले में विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ लोक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी जिससे श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को आध्यात्मिक ऊर्जा एवं सांस्कृतिक समृद्धि का अनुभव प्राप्त होगा।
जिलाधिकारी, वर्षा सिंह ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे। इसके साथ ही स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, चिकित्सा सहायता एवं आपातकालीन सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय एवं सतर्कता के साथ कार्य करें, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
कार्यक्रम का उद्घाटन सह मुख्य अतिथि के रूप में विजेंद्र प्रसाद यादव द्वारा किया जाएगा जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में उमेश सिंह कुशवाहा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
जिला प्रशासन द्वारा मेला परिसर में व्यापक प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित की गई है ताकि श्रद्धालु सुरक्षित, व्यवस्थित एवं आध्यात्मिक वातावरण में दर्शन-पूजन का लाभ उठा सकें। प्रशासन सभी विभागों के समन्वित प्रयासों के साथ इस आयोजन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
