डॉ० संजय(हाजीपुर)-
समाहरणालय स्थित पुष्करणी सभागार में जिला पदाधिकारी,वर्षा सिंह द्वारा मैट्रिक परीक्षा संचालन को लेकर अपराह्न 4:30 बजे से सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई |
उल्लेखनीय है कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा 2026, 17 फरवरी से 25 फरवरी तक निर्धारित है। जिला पदाधिकारी के निर्देशन में परीक्षा के शांतिपूर्ण, कदाचार मुक्त एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई है।
इस दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। ससमय सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है।
वैशाली जिले में मैट्रिक परीक्षा के लिए कुल 61 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें हाजीपुर अनुमंडल में 31, महुआ अनुमंडल में 21 तथा महनार अनुमंडल में 9 परीक्षा केंद्र शामिल हैं। सभी केंद्रों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि विधि-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।
प्रशासन द्वारा परीक्षा अवधि के दौरान प्रत्येक केंद्र के चारों ओर 500 गज की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू की गई है। इस दायरे में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से एक घंटा पूर्व परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा में पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रत्येक 25 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक (इन्विजिलेटर) की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, उड़नदस्ता दल एवं सतत पर्यवेक्षण की व्यवस्था की गई है।
परीक्षा अवधि के दौरान समाहरणालय परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा, जहां से पूरे जिले की परीक्षा गतिविधियों की निगरानी की जाएगी। जिला प्रशासन ने अभिभावकों एवं परीक्षार्थियों से सहयोग की अपील की है ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके। संयुक्त ब्रिफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक, वैशाली, अपर समाहर्ता, वैशाली, उप विकास आयुक्त, वैशाली, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना आदि उपस्थित थे।
