हाजीपुर:केंद्रीय विद्यालय में शुभारंभ हुआ निर्माण कार्य,जल्द ही मिलेगा नया भवन

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

डॉ० संजय (हाजीपुर) -जिलाधिकारी, वैशाली,वर्षा सिंह (भा.प्र.से.)के निर्देश के आलोक में जिले के केंद्रीय विद्यालय परिसर में बहुप्रतीक्षित निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है। इसके अंतर्गत विद्यालय की बाउंड्री वॉल के निर्माण को प्राथमिकता देते हुए कार्य को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है।


केन्द्रीय विद्यालय हाजीपुर, वैशाली जिला का एक मात्र केन्द्रीय विद्यालय है जो विगत 23 वर्षों से डायट हाजीपुर के अस्थाई भवन में संचालित है। विद्यालय के स्थायी भवन के निर्माण के लिए भूमि स्थानान्तरण की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत यथाशीघ्र निर्माण कार्य को आरंभ करने के लिए जिला पदाधिकारी के द्वारा पहल की गई थी ।जिला प्रशासन के निर्देशानुसार संबंधित कार्य एजेंसी द्वारा निर्माण स्थल पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है तथा मजदूरों की पर्याप्त तैनाती के साथ कार्य निरंतर प्रगति पर है। बाउंड्री वॉल के निर्माण से विद्यालय परिसर की सुरक्षा सुदृढ़ होगी तथा छात्र-छात्राओं के लिए सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

- Sponsored Ads-


निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता बनाए रखने के लिए पदाधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। संबंधित विभाग को निर्देश दिया गया है कि कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं तय समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।


इस संबंध में जिलाधिकारी,वर्षा सिंह ने भवन निर्माण कार्य को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार्य नहीं होगा तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किए जाएं।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि शिक्षा से जुड़े आधारभूत ढांचे को मजबूत करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैऔर इसी दिशा में यह निर्माण कार्य एक महत्वपूर्ण कदम है।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment