डॉ० संजय (हाजीपुर)- जिलाधिकारी,वैशाली,वर्षा सिंह द्वारा अवर निबंधन कार्यालय, महनार में नव-निर्मित कार्यालय भवन का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन के उपरांत उन्होंने परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
उद्घाटन के बाद डीएम, वर्षा सिंह ने निबंधन कार्यालय परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, बैठने की सुविधा तथा कार्य निष्पादन की गति का गहन मूल्यांकन किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा कार्यालय की व्यवस्था पारदर्शी और व्यवस्थित बनी रहे।
“सबका सम्मान–जीवन आसान” की भावना के तहत जिलाधिकारी ने निबंधन कार्य के लिए आने वाले नागरिकों के लिए वातानुकूलित प्रतीक्षालय निर्माण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निबंधन कार्यालय आम जनता से सीधे जुड़ा महत्वपूर्ण कार्यालय है।इसलिए यहां बेहतर व्यवहार, स्पष्ट मार्गदर्शन एवं सुचारू कार्यप्रणाली सुनिश्चित की जानी चाहिए।
इस अवसर पर विवाह निबंधन के लिए आए एक जोड़े (अभिषेक कुमार एवं जूही कुमारी) को जिलाधिकारी द्वारा विवाह प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया जिससे उपस्थित लोगों में साकारात्मक संदेश गया।
डीएम, वर्षा सिंह ने यह भी निर्देश दिया कि कार्यदिवस में किसी भी परिस्थिति में काउंटर बंद न रहे तथा निबंधन से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादित किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता नागरिक सुविधा और विश्वास को सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम में सहायक निबंधन महानिरीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला अवर निबंधक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
