डॉ० संजय (हाजीपुर):खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के अंतर्गत पैक्सों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों से क्रय धान का सम्बद्ध राईस मिलों से मिलिंग कराकर फोर्टीफायड चावल की आपूर्ति के लिए जिला पदाधिकारी, वैशाली द्वारा महुआ प्रखंड परिसर में अवस्थित राज्य खाद्य निगम के अधिसूचित गोदाम (सी.एम. आर. संग्रहण केन्द्र) का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, वैशाली द्वारा बताया गया कि वैशाली जिला के सभी किसान वांछित कागजातों के साथ अपने-अपने पंचायत पैक्स में उत्पादित धान को निर्धारित तिथि तक बिक्री करते हुए सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य (साधारण धान-2369.00 रुपये प्रति क्वी० एवं ग्रेड A धान-2389.00 रूपये प्रति क्वी०) का लाभ उठा सकते हैं एवं पैक्स क्रय धान का सम्बद्ध राईस मिल से फोर्टीफायड चावल तैयार करवाकर राज्य खाद्य निगम के अधिसूचित सी.एम.आर. संग्रहण केन्द्र पर जमा करेंगे।
साथ ही जिला पदाधिकारी, वैशाली ने सी.एम.आर. संग्रहण केंद्र पर पदस्थापित सहायक प्रबंधक एवं गुणवत्ता नियंत्रक को निर्देश दिया कि प्राप्त किए जा रहे चावल की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की शिकायत की संभावना न रहे। उन्होंने सी.एम.आर. प्राप्ति की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब को समाप्त करते हुए कार्य में तेजी लाने, अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण करने तथा गोदाम परिसर की नियमित साफ-सफाई, भंडारण व्यवस्था और सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
इस महत्वपूर्ण उद्घाटन समारोह में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ-साथ अनुमंडल पदाधिकारी, महुआ, भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता, महुआ, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महुआ, जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम, वैशाली, प्रबंध निदेशक, दी सेन्ट्रल कॉपरेटिव बैंक, वैशाली प्रखंड विकास पदाधिकारी, महुआ, अंचल अधिकारी, महुआ, प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, पैक्स अध्यक्ष आदि उपस्थित रहे।
