डॉ० संजय (हाजीपुर)-राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, नई दिल्ली द्वारा निर्धारित कैलेंडर एवं अध्यक्ष, जिला गंगा समिति- सह -जिलाधिकारी, वैशाली, वर्षा सिंह के निर्देश के आलोक में जिला गंगा समिति, वैशाली, नगर परिषद हाजीपुर एवं भारत स्काउट एवं गाइड, वैशाली के संयुक्त तत्वावधान में हाजीपुर स्थित नमामि गंगे घाट पर गंगा स्वच्छता पखवाड़ा (16–31 मार्च) एवं जल महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी वैशाली,वर्षा सिंह द्वारा मिट्टी के घड़े में जल अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित बच्चों एवं आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि जल ही जीवन है।इसलिए जल एवं नदी संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पूजा सामग्री, मूर्ति अवशेष, कचरा एवं पॉलीथिन नदी में न डालें तथा नदी को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि जल प्रदूषण से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए जल संरक्षण एवं स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन में अपनाना आवश्यक है।जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित लोगों को गंगा स्वच्छता शपथ भी दिलाई गई तथा नदी के आसपास गंदगी या किसी समस्या की सूचना नगर परिषद हाजीपुर या जिला नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की गई ताकि जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा सके।ज्ञातव्य है कि 08 से 22 मार्च 2026 तक जल महोत्सव के अंतर्गत जल संरक्षण से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए थे तथा 16 से 31 मार्च 2026 तक जिला स्तर पर गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों को अभियान के रूप में निरंतर संचालित करने का निर्देश दिया तथा इसे जनभागीदारी से जन आंदोलन बनाने पर बल दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट, शिक्षक, स्वच्छता कर्मी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
