– डॉ0 संजय(हाजीपुर)-
वैशाली जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं सुलभ बनाने की दिशा में टेली मेडिसिन सेवा एक प्रभावी माध्यम के रूप में सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है। जिले के स्वास्थ्य केंद्रों, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कार्यरत एएनएम, स्टाफ नर्स एवं सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी टेली कंसल्टेशन के माध्यम से हब में कार्यरत चिकित्सा पदाधिकारियों से ऑनलाइन परामर्श प्राप्त कर ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत आम नागरिकों को उनके घर के निकट ही निःशुल्क जांच, परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं।
जिला पदाधिकारी, वैशाली के द्वारा दिए गए निर्देश के आलोक में वैशाली जिले के टेली मेडिसिन हब में कार्यरत 24 चिकित्सा पदाधिकारी नियमित रूप से ऑनलाइन टेली कंसल्टेशन सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। इस व्यवस्था के माध्यम से दूर-दराज़ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले आम जनों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य परामर्श का सीधा लाभ मिल रहा है।
टेली मेडिसिन सेवा के प्रभावी क्रियान्वयन के फलस्वरूप राज्य स्तरीय रैंकिंग में वैशाली जिला चौथे स्थान पर है जो जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की प्रतिबद्धता एवं दक्षता को दर्शाती है।
टेली मेडिसिन कार्य प्रत्येक सप्ताह सोमवार से शनिवार, पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित रूप से संचालित किया जाता है। माह अप्रैल 2025 से दिसंबर 2025 तक वैशाली जिले में कुल 3,20,653 लाभार्थियों को टेली कंसल्टेशन की सुविधा प्रदान की जा चुकी है।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार, प्रत्येक सप्ताह बुधवार को “टेली कंसल्टेशन महा अभियान” भी चलाया जाता है जिसके अंतर्गत अधिक-से-अधिक ग्रामीण नागरिकों को निःशुल्क चिकित्सीय परामर्श के साथ-साथ अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिला प्रशासन एवं जिला स्वास्थ्य समिति, वैशाली द्वारा यह प्रयास निरंतर जारी है कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से जिले के प्रत्येक नागरिक तक सुलभ, सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।
