डॉ०संजय (हाजीपुर)- -हाजीपुर- महुआ रोड में सैदपुर रजौली स्थित सत्संग केन्द्र में हर्षोल्लास परमप्रेममय श्री श्री ठाकुर अनुकूल चन्द्र का 138 वां जन्मोत्सव, दीक्षा यज्ञ तथा विराट सत्संग समारोह श्रद्धापूर्वक मनाया गया। एकदिवसीय इस जन्मोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत प्रत्यूष काल 5 बजे उषा कीर्तन एवं प्रभात फेरी से हुई। इसके बाद वेदमांगलिकी,समवेत प्रार्थना,नाम जप तथा विभिन्न धर्मग्रंथों के पाठ हुए। भजन-कीर्तन और 11 बजे दिन से 2 बजे दिन तक श्रीश्री ठाकुर अनुकूल चन्द्र का दिव्य जीवन एवं उनकी भावधारा पर धर्म सभा हुई जिसमें वैशाली जिला समेत विभिन्न जिले से पधारे स0प्र0ॠत्विकगण ने विस्तार से प्रकाश डाला ।
विद्वान साधकों ने श्री श्री ठाकुर जी का मूल मंत्र यजन अर्थात नाम जप,याजन अर्थात ठाकुर जी की भाववाणी की चर्चा और प्रसार तथा इष्टभृति अर्थात प्रातः काल अन्न-जल ग्रहण करने से पूर्व अपने इष्ट के प्रति सहृदय कुछ पदार्थ का समर्पण। इस क्रम में ठाकुर अनुकूल चन्द्र द्वारा लिखित सत्यानुशरण, नारी- नीति,चलार साथी तथा आलोचना प्रसंग पर भी चर्चा की गई। श्री श्री ठाकुर द्वारा समाज में बचने,बढ़ने के सन्दर्भ में कहीं गई बातों पर विस्तार पूर्वक बतलाया गया।
इस क्रम में उपस्थित दर्जनाधिक्य लोगों ने प्रभावित होकर दीक्षा भी ली। मातृ सम्मेलन में माताओं ने मातृ शक्ति पर चर्चा की । अपार संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भंडारा का रसास्वादन किया और कुछ होली गीत गाकर एक दूसरे को अबीर लगाया तथा आपसी भाईचारा और प्रेम को दर्शाया।कार्यक्रम के अन्त में समवेत प्रार्थना – जय राधे राधे, कृष्णा-कृष्णा, गोविन्द -गोविन्द बोलो रे–से इस जन्मोत्सव समारोह का समापन हुआ।इस कार्यक्रम को सफल बनाने में वैशाली जिला के सत्संगी वृन्द ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
