मृगांक शेखर सिंह जमुई
बेटों की प्रेरणा से पूरा किया सपना उम्र को मात देता जज्बा बना युवाओं के लिए मिसाल
फोटो कैप्शन : हिमाचल प्रदेश में पैराग्लाइडिंग का लुत्फ उठाते गिद्धौर निवासी कपिलदेव रावत
गिद्धौर : बिहार के जमुई जिले के गिद्धौर निवासी 72 वर्षीय कपिलदेव रावत ने वह कर दिखाया है जो अक्सर युवा भी सोचकर रह जाते हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में 24,000 फीट की ऊंचाई पर पैराग्लाइडिंग कर एक नया रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
माना जा रहा है कि इतनी अधिक ऊंचाई पर पैराग्लाइडिंग करने वाले वे बिहार के सबसे उम्रदराज व्यक्तियों में से एक बन गए हैं।जानकारी के अनुसार कपिलदेव रावत के बच्चे हिमाचल प्रदेश में रहते हैं और उन्हें ही घुमाने के लिए हिमाचल ले गए थे।
वहीं, बच्चों के प्रोत्साहन और सहयोग से उन्होंने पैराग्लाइडिंग करने का साहसिक फैसला लिया। अपने अनुभव को साझा करते हुए कपिलदेव रावत ने बताया कि पैराग्लाइडिंग के दौरान उन्हें बहुत ही अद्भुत और अविस्मरणीय अनुभव महसूस हुआ। इस दौरान वे भावुक हो गए और कहा कि भगवान सभी माता-पिता को ऐसे ही संस्कारी और सहयोगी बच्चे दे जो अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करने में उनका साथ दें। 72 साल की उम्र में भी उनके इस जज्बे और हौसले की पूरे गिद्धौर में चर्चा हो रही है। बढ़ती उम्र में युवाओं के सामने पेश की गई उनकी यह नजीर अब प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
