जमुई:उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में उद्योग विभाग की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न, बैंकों को मिला शत-प्रतिशत ऋण स्वीकृति का निर्देश

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

मृगांक शेखर सिंह/ जमुई:जमुई समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की मासिक समीक्षा बैठक और ‘उद्योग संवाद’ का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त, द्वारा की गई। बैठक में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री मितेश कुमार शांडिल्य, अग्रणी जिला प्रबंधक , सभी बैंकों के जिला समन्वयक तथा जिले के प्रमुख निवेशक एवं उद्यमी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री मितेश कुमार शांडिल्य ने विभागीय प्रगति की जानकारी देते हुए सभी बैंक प्रतिनिधियों को अवगत कराया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के अंतर्गत आगामी 27 जून के बाद पुनः पोर्टल खोल दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित लक्ष्य खादी और ग्रामोद्योग आयोग द्वारा इसी माह के अंत तक सभी संबंधित बैंकों को उपलब्ध करा दिया जाएगा।

- Sponsored Ads-

महाप्रबंधक द्वारा ‘प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना’ की वस्तुस्थिति को साझा करते हुए बताया गया कि पिछले वित्तीय वर्ष का लक्ष्य ही वर्तमान वित्तीय वर्ष में भी सभी बैंकों के लिए प्रभावी रहेगा।समीक्षा के क्रम में उप विकास आयुक्त ने आर्थिक सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने सभी बैंकों के समन्वयकों को कड़े प्रशासनिक निर्देश देते हुए कहा कि वे विभागीय प्राथमिकताओं को समझें और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप लंबित आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शत-प्रतिशत ऋण स्वीकृति सुनिश्चित करें।

बैठक के दूसरे चरण में ‘उद्योग संवाद’ के तहत उप विकास आयुक्त ने जिले के प्रमुख निवेशकों और नए उद्यमियों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने उद्योग स्थापना और निवेश के मार्ग में आ रही व्यावहारिक समस्याओं एवं चुनौतियों के संबंध में विस्तार से पूछताछ की तथा निवेशकों से विभिन्न प्रकार के सुझाव लिए। उप विकास आयुक्त ने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन स्थानीय स्तर पर उद्योगों के संवर्द्धन और उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment