मृगांक शेखर सिंह/ जमुई
जमुई जिले का स्थापना दिवस आगामी 21 फरबरी को मनाया जाना है। जिसे लेकर बुधवार को जमुई के जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने श्री कृष्ण सिंह स्टेडियम में कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर मंच व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की, ताकि स्थापना दिवस कार्यक्रम का आयोजन गरिमापूर्ण एवं सफलतापूर्वक किया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला स्थापना दिवस जिले की पहचान एवं गौरव से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है, जिसे सभी विभागों के समन्वय से सफल बनाया जाएगा इस साल स्थापना दिवस के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण इंडियन आइडल फेम मशहूर गायिका रितिका राज होंगी। साथ ही अन्य कलाकारों में गायक मनिष मयूर तथा एंकर अमित पराशर प्रमुख हैं।
जिला स्थापना दिवस समारोह में प्रातः 7:00 बजे से प्रभात फेरी, विधिवत उद्घाटन प्रातः 10:00 बजे से तत्पश्चात विभागीय स्टाल निरीक्षण तथा संध्या 5 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।
मौके पर उप विकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल, अपर समाहर्ता रवि कान्त सिन्हा, जिला परिवहन पदाधिकारी सुनील कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी विरेन्द्र कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद, स्थापना उप समाहर्ता नागमणि कुमार वर्मा, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी विकेश कुमार आदि मौजूद रहे।
