मृगांक शेखर सिंह/ जमुई
जनशिकायतों के त्वरित समाधान पर दिया विशेष जोर।
जमुई के जिला पदाधिकारी श्री नवीन की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिले की विकासात्मक और लोक कल्याणकारी योजनाओं के प्रगति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करते हुए वर्तमान में संचालित सभी योजनाओं की अद्यतन प्रगति का बिंदुवार समीक्षा किया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, लोहिया स्वच्छता अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई और उनकी प्रगति की वस्तुस्थिति का जायजा लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले के विकास की गति प्रत्येक प्रखंड के कार्य प्रदर्शन पर निर्भर करती है, इसलिए योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर धरातल पर उतारना जिला प्रशासन का मुख्य संकल्प है। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही अक्षम्य होगी। इसके साथ ही उन्होंने लंबित जनशिकायतों को लेकर संवेदनशीलता दिखाने का निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना हर हाल में आवश्यक है।
इस समीक्षा बैठक की सबसे खास बात यह रही कि इसमें समस्याओं के केवल कागजी विवरण के बजाय धरातलीय समाधान पर बल दिया गया। जीविका,VB-G RAM G (विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन – ग्रामीण) और प्रखंड विकास पदाधिकारियों के बीच आपसी समन्वय और संवाद के माध्यम से योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास की राह में आने वाली बाधाओं को दूर करने की साझा रणनीति बनाई गई।
जिला पदाधिकारी का यह पहल जमीनी स्तर पर कार्यरत पदाधिकारियों के अनुभवों और विचारों को महत्व देकर जिले के विकास की गति में तीव्रता लाने के उनके संकल्प और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।इस महत्वपूर्ण बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सुभाष चंद्र मंडल, भूमि उप समाहर्ता सह विशेष कार्य पदाधिकारी श्री सुजीत कुमार और प्रभारी जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. मेनका कुमारी सहित जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित संबंधित विभाग के वरीय पदाधिकारी सहित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहेl
