मृगांक शेखर सिंह/जमुई
जमुई के जिलाधिकारी श्री नवीन ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं को बेहद करीब से सुना और उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए। राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के तहत “सबका सम्मान, जीवन आसान” के संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने विभिन्न प्रखंडों से आए कुल 14 से अधिक फरियादियों की शिकायतों को विस्तार से सुनी।
उन सभी शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी महोदय ने कुछ शिकायतें ऑन द स्पॉट निष्पादन किये, बाकी संबंधित पदाधिकारियों को निष्पादन करने के निर्देश दिए l उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन का मूल मंत्र केवल कागजी कार्यवाही करना नहीं, बल्कि हर आम व्यक्ति के जीवन को सरल बनाना और उन्हें उचित सम्मान दिलाना है।
जनता दरबार के दौरान मुख्य रूप से जमीन की नापी, दाखिल-खारिज, भूमि विवाद, शिक्षा, पंचायत सरकार भवन निर्माण, कुंडरी सुनकुराहा में पैक्स गोदाम निर्माण, भूल्लों पंचायत के पंचायत रोजगार सेवक को हटाने की मांग, आवास योजना तथा राजस्व चोरी एवं कई योजनाओं से जुड़ी समस्याओं से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई। जिला पदाधिकारी ने इन सभी मामलों की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इन शिकायतों का निपटारा तय समय सीमा के भीतर करें, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि “सबका सम्मान, जीवन आसान” तभी सार्थक होगा जब गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति की समस्या का समाधान पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ होगा।
प्रशासनिक संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जिला पदाधिकारी ने हर फरियादी को अपने पास ससम्मान बिठाकर उनकी बातों को धैर्यपूर्वक सुना, जिससे जनता दरबार में आए लोगों के बीच विश्वास का भाव जगा। मौके पर अपर समाहर्ता श्री रविकांत सिन्हा, जिला जन शिकायत कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी श्री विनोद प्रसाद ,जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री दयाशंकर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे ।
