मांगें पूरी नहीं होने पर कर्मचारी सख्त, जेपी विश्वविद्यालय में धरना-हड़ताल की चेतावनी
छपरा। जय प्रकाश विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ, छपरा द्वारा विश्वविद्यालय प्रशासन को एक महत्वपूर्ण पत्र सौंपते हुए 10 अप्रैल 2026 से अनिश्चितकालीन धरना-हड़ताल शुरू करने की घोषणा की गई है। यह कदम शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की लंबित मांगों के समाधान नहीं होने के विरोध में उठाया गया है।
संघ के अध्यक्ष मुकेश कुमार तिवारी एवं सचिव विपिन कुमार के हस्ताक्षर से जारी पत्र में कहा गया है कि 7 अप्रैल 2026 को कुलपति कार्यालय में कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर वार्ता की गई थी, लेकिन कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला। इससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई है।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि विश्वविद्यालय से जुड़े सभी शिक्षकेत्तर कर्मचारी 10 अप्रैल से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन धरना देंगे। संघ ने चेतावनी दी है कि इस आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
कर्मचारी संघ का कहना है कि उनकी मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे मजबूर होकर उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। इस हड़ताल से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों पर व्यापक असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
इस आशय से सम्बंधित विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में आयोजित बैठक में अजीब कुमार पाठक ,अरबिंद प्रताप सिंह,मुकेश तिवारी ,रवि कांत शुक्ल,,पंकज कुमार सिंह उर्फ मिंटू सिंह,शत्रुध्न राम,डी के सिंह,शत्रुध्न राम,भुवर राम,सुनील कुमार सिंह पारस राय आदि ने विचार प्रकट किया जबकि प्रकाश कुमार रंजन,मधुकर कुमार, मन्तु शर्मा,मुन्ना कुमार अशोक प्रसाद, सत्येंद्र प्रसाद,मनीज पांडेय,सरोज कुमार,विकास कुमार ,कामत शर्मा, आदि सभी वक्ताओं के संबोधन का पुरजोर समर्थन कर अनिश्चित कालीन धरना कार्यक्रम चलाने पर विशेष बल दिया।
