जयपुर: टिकट दावेदारों से जोशी कर रहे मुलाकात

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

 

 

*राजस्थान चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी बीकानेर पहुँचे
* कई टिकट के दावेदारों से मुलाक़ात

बिहार न्यूज़ लाइव जयपुर डेस्क जयपुर/(हरिप्रसाद शर्मा)भारतीय जनता पार्टी ने बीकानेर के सात विधानसभा क्षेत्रों के टिकट दावेदारों से वन-टू-वन मिलना शुरू कर दिया है। भाजपा के राजस्थान चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी यहां एक होटल में टिकट दावेदारों से मिले। माना जा रहा है कि बीकानेर की तीन विधानसभा सीटों के लिए टिकट लगभग फाइनल हो चुके हैं। लेकिन इससे पहले अन्य दावेदारों से मुलाकात की जा रही है। पार्टी टिकट दावेदारों के बीच संतुलन बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी बुधवार सुबह विशेष विमान से बीकानेर हवाई अड्डे पर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। शहर भाजपा अध्यक्ष विजय आचार्य, देहात अध्यक्ष जालम सिंह भाटी के साथ ही पूर्व अध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह ने भी जोशी का स्वागत किया। इसके बाद यहां श्रीगंगानगर रोड पर स्थित एक होटल में कार्यकर्ताओं से मुलाकात शुरू की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जोशी ने कई टिकट दावेदारों को अलग से अपने रूम में बुलाकर बातचीत की। उनसे टिकट देने पर जीत का आधार पूछा गया। वर्तमान भाजपा विधायकों से भी जोशी मुलाकात कर रहे हैं। इसके अलावा शहर अध्यक्ष विजय आचार्य से भी अलग से बातचीत की गई। आचार्य स्वयं टिकट के दावेदार होने के साथ पार्टी की जिम्मेदारी संभाले हुए हैं। सभी सातों सीटों का फीडबैक भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर दिया जाएगा।
चुनाव प्रभारी जोशी के साथ मीटिंग के बाद आज ही टिकट फाइनल नहीं होंगे। अभी इस बारे में जयपुर में भी मंथन होगा। जयपुर में गृहमंत्री अमित शाह अन्य नेताओं के साथ टिकट पर मंथन करेंगे। इसके बाद ही टिकट फाइनल होगा। माना जा रहा है कि जल्दी ही बीकानेर की दो से तीन टिकट पर भाजपा निर्णय कर सकती है।

- Sponsored Ads-

 

 

- Sponsored Ads-

Share This Article