राज्यपाल सचिवालय से यूजीसी गार्ड लाइन के आलोक में जल्द होगा पत्र निर्गत
छपरा सदर। जे पी यू के कुलपति प्रो परमेंद्र कुमार बाजपेई ने सोमवार को पटना स्थित लोकभवन में माननीय कुलाधिपति सह राज्यपाल महोदय से मुलाकात कर विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों में शिक्षकों की कार्यावधि को लेकर मार्गदर्शन और दिशानिर्देश देने का अनुरोध किया। चूंकि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा कार्यावधि से संबंधित पुराने रेगुलेशन को वर्ष 2018 के रेगुलेशन द्वारा स्थानापन्न कर दिया गया है। इसी आलोक में विश्वविद्यालय द्वारा कार्यावधि को लेकर वर्ष 2024 एवं हाल फिलहाल दिशानिर्देश जारी किया गया है।
वहीं विश्वविद्यालय के शिक्षक संगठनों द्वारा लोकभवन के वर्ष 2016 में जारी पत्र के आलोक में उक्त पत्रों के विरोध में सोमवार को धरना दिया गया था।
माननीय कुलाधिपति सह राज्यपाल महोदय द्वारा कुलपति की बातों को गंभीरता से लेकर वर्ष 2016 के पत्र को रद्द कर नए यूजीसी गाइडलाइन के आलोक में पत्र निर्गत करने का आदेश राज्यपाल सचिवालय को दिया गया, जो शीघ्र ही जारी किया जाएगा।
उक्त पत्र के जारी होते ही उसमें दिए गए निर्देश के आलोक में शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।
