मधेपुरा :NH 106 पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आकर 12 वर्षीय बालक की मृत्यु।

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

 

 

 बिहार न्यूज़ लाईव मधेपुरा डेस्क: जिला संवाददाता रंजीत कुमार

मधेपुरा: सिंहेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुलहसन चौक के समीप NH-106 पर सोमवार की रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक 12 वर्षीय बालक को रौंद दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उसे जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान झिटकिया वार्ड संख्या तीन निवासी मो. टूनमा के 12 वर्षीय बेटे अबुल कैश के रूप में हुई। घटना के बाद वाहन चालक वाहन लेकर भाग निकला।

- Sponsored Ads-

परिजनों ने बताया कि रात करीब 8 बजे अबुल कैश गुलहसन चौक के पास पोखर के सामने रोड पार कर रहा था। इसी दौरान मधेपुरा की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दिया, जिससे वह वाहन के लगभग 10 मीटर आगे फेंका गया। इसके बाद वाहन चालक उसके ऊपर वाहन चढ़ाते हुए सिंहेश्वर की तरफ भाग निकला।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल को आनन-फानन में स्थानीय जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी सिंहेश्वर थाने की पुलिस को दी गई। घटनास्थल पर पहुंची सिंहेश्वर थाने की पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया।

बताया गया कि अबुल कैश दो भाई और 4 बहन है। वह आठवीं कक्षा में पढ़ता था। उसके पिता और बड़ा भाई दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मौत की जानकारी मिलते ही घर में मातम छा गया। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

 

 

- Sponsored Ads-

Share This Article