रंजीत कुमार/ मधेपुरा: जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद आज पहली बार मधेपुरा आए। जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की और पार्टी के संगठन और कार्यक्रमों की समीक्षा की। साथ ही उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर दिशा-निर्देश दिए। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि जन सुराज करोड़ों लोगों द्वारा बिहार में बदलाव लाने के संकल्प के साथ बनाई गई पार्टी है।
बिहार में बदहाल शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था, भ्रष्टाचार, पलायन, गरीबी, बेरोजगारी आदि कई समस्याएं हैं और इससे सभी वाकिफ हैं लेकिन बिहार की प्रमुख राजनीतिक दलों के पास इन समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं है। इसीलिए जन सुराज ने बिहार की समस्याओं का ठोस समाधान पेश किया है और उन्हें दूर करने का संकल्प भी लिया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जन सुराज में टिकट पाने की एक पूरी प्रक्रिया है और पार्टी उसी प्रक्रिया के तहत अपने उम्मीदवारों का चयन करेगी। उन्होंने कहा कि जन सुराज पहली ऐसी पार्टी होगी जिसमें जनता खुद अपने उम्मीदवारों का चयन करेगी।इसके साथ ही उन्होंने NDA और INDIA गठबंधन पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि दोनों गठबंधनों की कार्यशैली एक जैसी है। जब दोनों गठबंधन सत्ता में होते हैं तो बिहार को लूटने में लगे रहते हैं, उन्हें जनता के सुख-दुख और उनके विकास से कोई लेना-देना नहीं है।
इसका उदाहरण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं। नीतीश कुमार कभी राजद के साथ सरकार बनाते हैं तो कभी भाजपा के साथ। बिहार की जनता अब इस संरचना से ऊब चुकी है। और एक ही दवा खाने से न तो उनकी बीमारी ठीक हुई बल्कि उनकी परेशानी और बढ़ गई। इसलिए अब बिहार की जनता बदलाव चाहती है।इस प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह, प्रदेश चुनाव समिति अध्यक्ष किशोर कुमार मुन्ना, जिला अध्यक्ष दीप नारायण यादव, उपाध्यक्ष गजेंद्र कुमार यादव,प्रदेश कमेटी सदस्य शशि कुमार यादव, राज्य कार्य समिति अध्यक्ष संजय सिंह, विधानसभा चुनाव प्रभारी रंजीत कुमार आदि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।